Friday, November, 27,2026

फर्जी डिग्रियों से 11वीं पास सफदरजंग में बना 'डॉक्टर'

जयपुर: महज 11वीं पास युवक फर्जी एमबीबीएस, एमडी गायनेकोलॉजी और डीएमआरडी डिग्रियों के दम पर दिल्ली के प्रतिष्ठित अस्पतालों में डॉक्टर बनकर काम करता रहा। उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवाया और जून 2025 में सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट तक बन गया। दिल्ली के कई अस्पतालों में ऑन-कॉल सोनोग्राफी भी करने लगा। मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इस संगठित फर्जीवाड़े का एसओजी ने पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एसओजी के एडोजी विशाल बंसल ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस प्रकरण की शुरुआत 6 अक्टूबर 2024 को हुई, जब राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार ने अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप था कि कुछ लोगों ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर चिकित्सक के रूप में पंजीयन करवाया है। शुरुआती जांच में आठ लोगों के नाम सामने आए। आगे पड़ताल की गई तो इसके पीछे कई राज्यों में फैला संगठित गिरोह उजागर हुआ।

जांच में सामने आया कि गिरोह फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को तलाशता था। बैकडेट में डिग्रियां तैयार करवाने के नाम पर लाखों रुपए वसूले जाते थे। इसके बाद फर्जी प्रमाण-पत्र विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड करवाए जाते ताकि ऑनलाइन सत्यापन में भी वे वास्तविक नजर आएं। मेडिकल काउंसिल में पंजीयन के बद संबंधित व्यक्ति अस्पतालों में चिकित्सक बनकर काम करने लगता था।

30-40 विवि की डिग्रियां बनाने का खुलासा

एसओजी की जांच में मैसूर, आंध्र, अन्ना, काकतीय, कानपुर, सौराष्ट्र, महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज और भगवंत विश्वविद्यालय, अजमेर सहित कई संस्थानों के नाम सामने आए हैं। 10वीं-12वीं से लेकर बीएड, बीटेक, एमबीबीएस, एमडी, एमएस और डीएमआरडी तक के प्रमाण-पत्र तैयार करने की जानकारी मिली है।

फर्जी डॉक्टर का नर्सिंग असिस्टेंट से जूनियर रेजिडेंट बनने का कारनामा

गिरफ्तार रामकिशोर महावर केवल 11वीं पास है। वह वर्ष 2016 से 2022 तक दौसा के निजी नर्सिंग होम में काम करता रहा। इसके बाद बालोतरा और बयाना के अस्पतालों में चिकित्सकों के सहायक के रूप में अल्ट्रासाउंड संबंधी काम किया। इसी दौरान रामा मेडिकल कॉलेज, उत्तर प्रदेश की एमबीबीएस डिग्री की पीडीएफ हासिल कर उसमें बदलाव करके अपनी फर्जी डिग्री बना ली। इसके आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवाकर दौसा के खेड़ला स्थित निजी अस्पताल में करीब 15 दिन डॉक्टर के रूप में काम किया।

इसके बाद अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 तक दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट/वार्ड बाँय रहा। वहां रहते हुए फेसबुक पर विज्ञापन देखकर गिरोह से संपर्क किया। करीब साढ़े पांच लाख रुपए देकर 12वीं, एमबीबीएस और एमडी गायनेकोलॉजी के प्रमाण-पत्र हासिल किए। इनके आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवाया और सफदरजंग अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम करने लगा। बाद में करीब साढ़े पांच लाख रुपए में डीएमआरडी की डिग्री भी बनवाई। इसे मेडिकल काउंसिल के पंजीयन में जुड़वाकर दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में सोनोग्राफी करने लगा।

फर्जी डिग्री के लिए वसूली जाती थी मोटी रकम

गिरोह अलग-अलग शैक्षणिक डिग्रियों और प्रमाण-पत्रों के लिए रकम तय करता था। रामकिशोर महावर ने फर्जी 12वीं, एमबीबीएस और एमडी गायनेकोलॉजी के प्रमाण-पत्रों के लिए करीब 5.5 लाख रुपए दिए। इसके अलावा डीएम‌आरसी डिग्री के लिए करीब 5.5 लाख और महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 8.5 लाख रुपए दिए। अन्य डिग्रियों के लिए कितनी रकम वसूली जाती थी, इसकी जांच की जा रही है।

चार आरोपी गिरफ्तार

एसओजी ने मुंबई, ग्वालियर और लखनऊ सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रामकिशोर महावर, सत्यजीत पाणिग्रही, मनीष माजी और खुर्रम तौफिक शामिल हैं। जांच में पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई है।

ग्राहकों से सौदा

फेसबुक पर मेडिकल एजुकेशन के नाम से विज्ञापन और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था। डिग्रियां बनवाने और पंजीयन का सौदा तय करता था।

फर्जी डिग्रियां तैयार करवाना

विभिन्न कॉलेजों की मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार करवाकर सत्यजीत को व्हाट्सएप से भेजता था। प्रिंट दस्तावेज डीटीडीसी कोरियर से भी भिजवाता था।

ऑनलाइन रिकॉर्ड में हेराफेरी

फर्जी प्रमाण-पत्रों को संबंधित विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करता था। इससे दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध दिखाई देने लगते थे।

फर्जी डिग्री से डॉक्टर बना

खुद फर्जी प्रमाण-पत्र हासिल कर मेडिकल काउंसिल में पंजीयन करवाया। इन्हीं के आधार पर अस्पतालों में चिकित्सक और जूनियर रेजिडेंट के रूप में काम किया व सोनोग्राफी भी की।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery