Friday, November, 27,2026

बदलाव की बयार... राजस्थान की ग्रामीण सियासत में Gen-Z की एंट्री

जयपुर: राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में पीढ़ीगत बदलाव की नई तस्वीर सामने आई है। बुधवार को संपन्न हुए 37 जिला परिषदों के जिला प्रमुख चुनावों में इस बार बुजुर्ग और अनुभवी बेहरों के साथ नई पीढ़ी ने भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई। खास बात यह है कि 21 से 29 वर्ष की उम्र के सात युवा जिला प्रमुख बनकर सामने आए हैं। इनमें चार ऐमी युवतियां हैं, जिनकी उम्र महज 21 से 22 वर्ष है। राजस्थान जैसे देश के क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़े राज्य में इतनी कम उम्र के युवाओं का जिला प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पद तक पहुंचना ग्रामीण राजनीति में बदलते नेतृत्व का बड़ा संकेत है।

चुनाव के आंकड़े भी इस बदलाव की गवाही दे रहे हैं। प्रदेश के 37 जिला प्रमुखों में 26 महिलाएं चुनी गई हैं। यानी करीब 70 फीसदी जिलों की कमान महिलाओं के हाथों में पहुंची है। वहीं 35 वर्ष तक की उम्र वाले 14 जिला प्रमुखों में 13 महिलाएं हैं। इनमें सात जिला प्रमुख तो 30 वर्ष से भी कम उम्र के हैं। यह तस्वीर बताती है कि पंचायतों की राजनीति अब अनुभवी और राजनीतिक परिवारों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि युवा पीढ़ी भी नेतृत्व के केंद्र में पहुंच रही है।

संतोष कुमारी (जैसलमेर, 21 वर्ष)

जैसलमेर में कांग्रेस की संतोष कुमारी ने महज 21 साल 36 दिन की उम्र में निर्विरोध जिला प्रमुख बनकर इतिहास रच दिया। पोखरण विधानसभा क्षेत्र से आने वाली संतोष भील समुदाय से है और 12वीं तक शिक्षित हैं। उन्हें राजस्थान की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताया जा रहा है। सामान्य सीट पर अनुसूचित जनजाति वर्ग की युवा प्रत्याशी को मैदान में उतारने का कांग्रेस का फैसला भी खास चर्चा में रहा।

वर्षा झाला (झालावाड़, 21 वर्ष)

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के राजनीतिक प्रभाव वाले झालावाड़ में भाजपा की वर्षा झाला ने बेहद करीबी मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी को एक वौट से शिकस्त दी। 21 वर्षीय वर्षा बीए-बीएड शिक्षित है। उनका जिला प्रमुख बनना इसलिए भी खास है क्योंकि अनुभवी नेताओं के प्रभाव वाले जिले में पार्टी ने युवा चेहरे पर भरोसा जताया और वह भरोसा चुनावी नतीजे में बदल गया।

कोमल भंवरिया (झुंझुनूं, 22 वर्ष)

झुंझुनूं की राजनीति में 22 वर्षीय कोमल भवरिया ने बड़ा उलटफेर किया। कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरी कोमल ने भाजपा की अनुभवी नेता और पूर्व जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी को हराकर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल की। उनकी जीत ने यह संकेत दिया कि पंचायत चुनावों में अब उम्र से ज्यादा राजनीतिक समीकरण और मतदाताओं का समर्थन मायने रखता है।

ममता गुर्जर (ब्यावर, 22 वर्ष)

नवगठित ब्यावर जिले में भी युवा नेतृत्व की मजबूत दस्तक सुनाई दी। कांग्रेस की 22 वर्षीय ममता गुर्जर ने भाजपा प्रत्याशी निर्मला देवी को 14 के मुकाबले 13 मतों से हराकर जिला प्रमुख पद हासिल किया। यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण रही क्योंकि जिला परिषद में भाजपा के पास बहुमत होने के बावजूद क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस ने बाजी मार ली।

तीन और युवा चेहरों ने बनाई जगह

इसके साथ ही बीकानेर की निकिता डूडी 27 वर्ष, बूंदी की हसा गुर्जर 28 वर्ष और थौलपुर की अनीशा सिंह 29 वर्ष की उम्र में जिला प्रमुख बनी है। इस तरह 30 वर्ष से कम आयु के कुल सात युवा जिला प्रमुखों में छह कांग्रेस और एक भाजपा से हैं। वहीं 31 से 35 वर्ष के आयु वर्ग में भी कई महिला चेहरों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

विस और लोस के लिए भी संकेत

जिला प्रमुख का पद केवल राजनीतिक प्रतिष्ठा का विषय नहीं है, बल्कि ग्रामीण विकास योजनाओं, जिला परिषद के बजट और पंचायतों के माध्यम से विकास कार्यों की निगरानी में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस चुनाव में राजनीतिक दलों ने भी टिकट वितरण और नेतृत्व चयन में युवा चेहरों पर भरोसा जताया। देश के सबसे बड़े राज्य में गांवों की सरकार से जिला स्तर तक पहुंची यह युवा पीढ़ी आने वाले वर्षों में विधानसभा और लोकसभा की राजनीति में भी दावेदारी मजबूत कर सकती है।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery