Friday, November, 27,2026

एक दिन बाद ही 7 जिलों में सियासी उलटफेर कहीं कांग्रेस तो कहीं भाजपा ने मारी बाजी

जयपुर: जिला परिषदों में जिला प्रमुख के चुनाव के अगले ही दिन उप जिला प्रमुख के चुनाव में सियासी तस्वीर के कई रंग देखने को मिले। सात जिलों में एक दिन पहले बने समीकरण बदल गए। कहीं कांग्रेस ने भाजपा से पद छोन लिया तो कहीं भाजपा ने कांग्रेस को झटका दिया। आदिवासी अंचल में बीएपी ने भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। कुल 37 जिलों में कांग्रेस ने 25 उप जिला प्रमुख बनाकर अपना दबदबा कायम रखा, जबकि भाजपा को 8 पदों से संतोष करना पड़ा। बीएपी ने 3 और आरएलपी ने एक पद हासिल किया। एक दिन पहले जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को 24, भाजपा को 10, बीएपी को 2 और आरएलपी को एक पद मिला था। यानी उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने एक पद बढ़ाया, भाजपा के दो पद घट गए और बीएपी ने एक पद अतिरिक्त हासिल किया।

जयपुर में सबसे बड़ी जीत, जोधपुर-सीकर में भी कांग्रेस का दबदबा

जयपुर में कांग्रेस के सुनील कुमार कुमावत ने भाजपा के सीताराम शर्मा को 41-13 से हराया। 28 वोट का अंतर प्रदेश में सबसे बड़ा रहा। जोधपुर में ओमप्रकाश विश्नोई ने 34-8 से जीत दर्ज की। सीकर में रमेश बेस्वाल ने भाजपा के बाबूलाल गुर्जर को 37-12 से हराया। कांग्रेस ने बीकानेर और हनुमानगढ़ में भी 23-23 चोट के अंतर से जीत दर्ज की। चित्तौड़गढ़ और टोंक में 21-21 वोट से जीत मिली। जालोर में ममता विश्रोई ने 19 वोट से भाजपा प्रत्याशी को हराया।

चूरू में कांग्रेस ने लिया हार का बदला, ब्यावर में भाजपा ने पलटी बाजी

दो जिलों के नतीजे खास तौर पर चर्चा में रहे। चूरू में एक दिन पहले जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग के कारण हार का सामना करना पड़ा था। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू और भाजपा प्रत्याशी कनिका राठौड़ जिला प्रमुख बनी थी। लेकिन उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के छोटूलाल मेघवाल ने भाजपा के नरेश कुमार को 21-18 से हराकर बाजी पलट दी। ब्यावर में इसका उलटा हुआ। यहां जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग के दम पर जीत हासिल की थी, लेकिन अगले दिन भाजपा के टीकम सिंह ने कांग्रेस की प्यारी देवी को 15-12 से हराकर उप जिला प्रमुख का पद हासिल कर लिया।

पाली में कांग्रेस के तीन वोट खिसके

पाली का चुनाव सबसे बड़ा सियासी उलटफेर वाला रहा। जिला परिषद में भाजपा के 19 और कांग्रेस के 14 सदस्य निर्वाचित हुए थे। इसके बावजूद उप जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा के हेमंत कुमार चौधरी को 22 और कांग्रेस के करण सिंह मेड़तिया को 11 वोट मिले। भाजपा को अपने सदस्यों की संख्या से तीन वोट ज्यादा मिले, जबकि कांग्रेस को तीन वोट कम मिले।

पूर्व विधायक और विधायकों के रिश्तेदार भी बने उप जिला प्रमुख

इन चुनावों में राजनीतिक परिवारों और पुराने चेहरों की भी मौजूदगी दिखी। अजमेर में नसीराबाद से भाजपा विधायक रामस्वरूप लांबा की भाभी सुनीता लांबा ने कांग्रेस की रजिया को 21-12 से हराया। उदयपुर में भाजपा के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी ने कांग्रेस के उदयलाल डामोर को 26-21 से शिकस्त दी। बालोतरा में भाजपा के जसाराम और कांग्रेस के श्रवण को 13-13 वोट मिले। बराबरी के बाद लॉटरी से जसाराम उप जिला प्रमुख बने।

झालावाड़: BJP का कांग्रेस को झटका

झालावाड़ में भी भाजपा के कुशवंत नागर ने कांग्रेस के बालचंद को 18-15 से हराया। सलूम्बर में कांग्रेस ने अलग रणनीति अपनाई। यहां कांग्रेस ने बीएपी के सुरेश कुमार सोनू को समर्थन दिया। सोनू ने भाजपा के हितेश कुमार सेवक को 12-9 से हराया। इस तरह जिला प्रमुख कांग्रेस का और उप जिला प्रमुख बीएपी का बना।

नागौर में आरएलपी का कब्जा

आदिवासी अंचल में बीएपी ने अपनी मौजूदगी बनाए रखी। डूंगरपुर में मंजुला देवी रोत ने भाजपा के हितेश को सिर्फ एक वोट से हराया। प्रतापगढ़ में रमेश चंद्र मीणा ने कांग्रेस के दिनेश चंद्र जाट को 13-11 से शिकस्त दी। सलूम्बर में कांग्रेस के समर्थन से बीएपी के सुरेश कुमार सोनू जीते। नागौर में आरएलपी की अंजू ने निर्दलीय उस्मान खान को 24-12 से हराया। इस तरह दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दलों के अलावा क्षेत्रीय दल भी अपने प्रभाव वाले इलाकों में राजनीतिक ताकत दिखाने में सफल रहे।

419 पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव आज

प्रदेश की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए शुक्रवार को निर्वाचन होगा। वहीं, शनिवार को उपप्रधान पद के चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए सभी जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया सुबह 10 बजे बैठक के साथ शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन, 11:30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा और दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी होगी। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में भी निर्वाचन के लिए स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं।

  Share on

Related News

Connect With Us

visit e-papers
Epaper

आज का राशिफल

image

मेष

रुके काम बनेंगे, नौकरीपेशा और व्यापारियों के लिए शुभ।

image

वृष

आर्थिक स्थितियां बेहतर होने के साथ धनलाभ होगा।

image

मिथुन

गुरु शुभ फल देंगे, शत्रु पराजित होंगे

image

कर्क

मिलाजुला असर रहेगा, अतिरिक्त परिश्रम के साथ नौकरी पेशा को दिक्कतें आ सकती है।

image

सिंह

कार्यक्षेत्र में मान-सम्मान के साथ मकान,वाहन सुख मिलेगा।

image

कन्या

कामकाज के अवसरों में वृद्धि, भाग्य का साथ मिलेगा।

image

तुला

धन की रुकावटें दूर होंगी, लाभ के अवसर बढ़ेंगे, धर्म में रुचि बढ़ेगी।

image

वृश्चिक

आर्थिक स्थिति सुधरेगी, व्यापार में निवेश संबंधी फैसले की आजादी मिलेगी।

image

धनु

लाभ में वृद्धि होगी, कोई बड़ी डील हाथ लग सकती है।

image

मकर

सुखद पलों की प्राप्ति होगी। फिजूल के खर्चे बढ़ेंगे, सुख सुविधाओं में इजाफा होगा।

image

कुंभ

धनलाभ के अवसरों में वृद्धि के साथ अपनी योजनाओं पर काम करते रहे।

image

मीन

संभलकर रहे, जल्दबाजी नहीं दिखाए। कानूनी वाद-विवादों से बचे।

Gallery